Saturday, November 7, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

हरियाणा में पूर्व टेक महिंद्रा एशिया हेड की गोली मारकर हत्या, पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने बरसाईं गोलियां

फरीदाबाद में वारदात से सनसनी, करीब 15-16 राउंड फायरिंग का आरोप

भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से भारत आए थे परमजीत धनखड़

भारत इंफो, फरीदाबाद

हरियाणा के फरीदाबाद में मामूली पार्किंग विवाद ने खूनी रूप ले लिया। टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया-पैसिफिक रीजनल बिजनेस हेड परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात शुक्रवार रात सेक्टर-21C में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15-16 राउंड फायर किए। इस हमले में परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई।

पार्किंग और कुत्ते को लेकर चल रहा था विवाद

प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, परमजीत धनखड़ और उनके पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा के परिवारों के बीच कई दिनों से पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा पार्किंग क्षेत्र में पड़ोसी के पालतू कुत्ते द्वारा गंदगी किए जाने को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच कहासुनी होती रहती थी।

शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे और अपनी निर्धारित पार्किंग में पड़ोसी की गाड़ी खड़ी देखकर उन्होंने आपत्ति जताई। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

आरोपी बल्लभगढ़ से गिरफ्तार

वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया था। हालांकि, शनिवार को पुलिस ने उसे बल्लभगढ़ के DLF चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 44 वर्षीय मोहन उर्फ मोनू शर्मा के रूप में हुई है, जो कबाड़ का कारोबार करता है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

भांजे की शादी में शामिल होने आए थे भारत

42 वर्षीय परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे। उन्होंने टेक महिंद्रा में दो दशक से अधिक समय तक काम किया था और कंपनी के एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के बिजनेस हेड रह चुके थे। बाद में वह FPT Software में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और बिजनेस प्रोसेस सर्विसेज (BPS) के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे।

वह 5 नवंबर को अपने भांजे की 24 नवंबर को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए भारत आए थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस वारदात ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया।  पुलिस ने बेटे शौर्य की शिकायत पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घटनास्थल से खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *