Wednesday, November 4, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

नशे के खिलाफ लड़ना है तो मुख्यमंत्री हर शाम नशे के प्रभाव में नहीं रह सकते

इंसाफ रैली में पंजाब में नशे के मुद्दे पर राहुल गांधी का CM मान पर तीखा हमला

दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला को भी याद किया, पिता को पास बुलाया

भारत इंफो, संगरूर

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर से आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ चुनावी बिगुल बजा दिया है। कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लिया।

राहुल गांधी ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री वास्तव में पंजाब को नशे से मुक्त करना चाहते हैं तो उन्हें खुद हर शाम नशे के प्रभाव में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली और नशे के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब के युवाओं का भविष्य बचाने के लिए सरकार को गंभीरता से काम करना होगा।

राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि पंजाब में सरकार दिल्ली से नियंत्रित हो रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे महत्वपूर्ण राज्य के फैसले पंजाब के लोगों और उनकी चुनी हुई सरकार की प्राथमिकताओं के अनुसार होने चाहिए।

नशा, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था पर घेरा

राहुल गांधी ने पंजाब में नशे की समस्या, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर मान सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य चाहिए, लेकिन नशे की समस्या उनके सामने गंभीर चुनौती बनकर खड़ी है।कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने पंजाब के राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर जवाबदेही की मांग उठाई।

2027 चुनाव का बिगुल, संगरूर से कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

संगरूर में आयोजित इस रैली को कांग्रेस के मिशन 2027 की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान का गृह जिला होने के कारण कांग्रेस ने इस स्थान को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना है। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी रही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के लिए भी यह रैली संगठनात्मक ताकत और पार्टी की एकजुटता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कांग्रेस ने नशे के अलावा किसानों की समस्याओं, धान खरीद, बेअदबी के मामलों, गैंगस्टरवाद और पंजाब के अधिकारों को भी अपने राजनीतिक अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाया है। रैली के जरिए कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सरकार को नशे और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर घेरना उसकी प्रमुख रणनीति होगी।

दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला को भी याद किया, पिता को पास बुलाया

राहुल गांधी ने कहा कि उनका भाषण का एक प्लान था, लेकिन कुछ समय पहले सिद्धु मूसेवाला के पिता मुझसे मिलने पहुंचे तो मैं अपने भाषण का प्लान बदल रहा हूं। कुछ साल पहले मैं इनके बेटे से मिला था। उस समय मैं उन्हें जानता नहीं था। वो कमरे में आए उसने टैटू बनवाए हुए थे। उस समय मैंने उसके गाने नहीं सुने थे। वो कांग्रेस ज्वाइन करना चाहते थे। मैंने उन्हें कांग्रेस ज्वाइन करवाई। मुझे उस समय लगा था कि यह खतरनाक जगह आ रहा है। राजनीति को यह इतनी अच्छी तरह से समझता है। मुझे लगा कि इसे अपनी हिसाब से सुरक्षित रखना पड़ेगा। मेरी बातचीत हुई। फिर उसको धमकियां आई। कुछ समय बाद उसकी सिक्योरिटी हटाई। उसकी काली एसयूवी में दिन दहाड़े उसकी हत्या कर दी गई। जिस पिता को अपने बेटे की मौत देखने पड़ती है उससे बड़ा दर्द कोई नहीं है। जो इनके बेटे के साथ हुआ आज पंजाब में यह फेशन बन गया है। जिस सोच ने पंजाब में बिना डर के सिद्धू मूसेवाला को गोली मारी गई। वो ही सोच आज पंजाब के कोने कोने में है। जिसके पास सिद्धू जैसा हुनर है, पंजाब और देश के लिए काम करना चाहता है, उसे डराया और धमकाया जाता है। फिर सबके सामने गोली मार दी जाती है। बाद में मैंने उसके गाने सुने। थोड़ी गहराई से उसकी बात समझ आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *