भारत इंफो, चंडीगढ़
पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह और हरमीत सिंह पठानमाजरा के इस्तीफे मंजूर कर लिए हैं। इसके साथ ही अमृतसर नॉर्थ और सनौर विधानसभा सीटें आधिकारिक तौर पर खाली घोषित कर दी गई हैं।
पंजाब विधानसभा सचिवालय की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों विधायकों ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 190(3)(b) के तहत 1 नवंबर 2026 से प्रभावी अपने इस्तीफे सौंपे थे। स्पीकर ने 2 नवंबर को इन्हें स्वीकार कर लिया। इसके बाद विधानसभा की सीट नंबर 15 (अमृतसर नॉर्थ) और 114 (सनौर) रिक्त घोषित कर दी गईं।
गौरतलब है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह लंबे समय से आम आदमी पार्टी के नेतृत्व से नाराज चल रहे थे और पार्टी ने उन्हें पहले ही निलंबित कर दिया था। वहीं, हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने भी पार्टी से दूरी बना ली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन घटनाक्रमों के बीच तीनों नेताओं ने 2 नवंबर को भाजपा का दामन थाम लिया। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन राजनीतिक बदलावों को आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।