भारत इंफो : जालंधर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ‘स्पीड रिकॉर्ड्स’ के संचालक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख और उनके दोस्त आरव तलवाड़ की असमय मौत के बाद पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार से संवेदना व्यक्त करने और ढांढस बंधाने के लिए पंजाबी इंडस्ट्री की तमाम नामचीन हस्तियां जालंधर पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार को मशहूर रैपर और गायक यो यो हनी सिंह विशेष रूप से दुबई से सीधे जालंधर औलख निवास पहुंचे।
हनी सिंह और दिनेश औलख के मिलन का भावुक पल
जैसे ही हनी सिंह दिनेश औलख के घर पहुंचे और उनसे मिले, माहौल बेहद गमगीन हो गया। अपने जवान बेटे को खोने के गम में डूबे दिनेश औलख फूट-फूटकर रोने लगे, जिन्हें संभालते हुए हनी सिंह की आंखें भी छलक आईं। सोशल मीडिया पर शोक संदेश पोस्ट करने के तुरंत बाद विदेश से सीधा परिवार के पास पहुंचे हनी सिंह के इस भावुक रूप ने वहां मौजूद हर शख्स को झकझोर कर रख दिया।
जसबीर जस्सी बोले– “पुत्र मरे नहीं भूलदे, चाहे होकर मरण फकीर”
पंजाबी गायक जसबीर जस्सी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्होंने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया। ईश्वर से परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हुए जस्सी ने शायराना अंदाज में कहा, “पुत्र मरे नहीं भूलदे, चाहे होकर मरण फकीर।” उन्होंने कहा कि औलाद को खोने का दर्द दुनिया का सबसे बड़ा दर्द है और ऐसा हादसा किसी भी परिवार के साथ न हो।
अभिनेता हार्बी संघा का प्रशासन पर फूटा गुस्सा
परिवार से दुख साझा करने पहुंचे प्रसिद्ध अभिनेता हार्बी संघा ने हादसे को लेकर सरकारी और प्रशासनिक ढिलाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने हाईवे पर बिना किसी चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर के खड़ी नगर निगम की ट्रॉलियों पर नाराजगी जताई। संघा ने कहा, “दिनेश औलख दिल के बेहद साफ इंसान हैं और इस हादसे ने उनकी दुनिया उजाड़ दी। अगर हाईवे पर खड़ी ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगे होते, तो शायद यह जानलेवा हादसा टल सकता था।” उन्होंने प्रशासन से अपील की कि हाईवे पर खड़े ऐसे वाहनों की नियमित जांच की जाए ताकि आगे किसी का चिराग न बुझे।
इंडस्ट्री के दिग्गजों का लगा तांता
दिवित औलख और आरव तलवाड़ के असामयिक निधन से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इससे पहले पंजाबी गायिका गुरलेज अख्तर, कुलविंदर बिल्ला और अभिनेता रवनीत सिंह सहित कई प्रमुख कलाकारों ने औलख परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।