Thursday, October 29, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, बस सेवाएं बहाल

ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ बैठक में बनी सहमति; 26-27 अक्टूबर से आउटसोर्स कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर ज्वाइनिंग लेटर देने की प्रक्रिया शुरू होगी

 

भारत इंफो, जालंधर

पंजाब में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ 24 अक्टूबर को हुई पैनल बैठक के बाद कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल और धरना खत्म करने का ऐलान करते हुए बस सेवाएं बहाल कर दी हैं। इससे पिछले कई दिनों से प्रभावित चल रही बस सेवाओं के सामान्य होने की उम्मीद है।

पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब  के अनुसार, संगठन के आह्वान पर कर्मचारियों ने 21 अक्टूबर से लगातार हड़ताल और धरना शुरू किया था। इस दौरान सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हुई। इसके बाद 24 अक्टूबर को पीआरटीसी मुख्यालय में पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ पैनल बैठक आयोजित की गई।

 

26-27 अक्टूबर से मिलेंगे ज्वाइनिंग लेटर

यूनियन के मुताबिक, बैठक में संगठन की कुछ मांगों को तत्काल लागू करने पर सहमति बनी। इसके तहत 26 और 27 अक्टूबर 2026 से आउटसोर्स कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर ज्वाइन करवाने के लिए ज्वाइनिंग लेटर देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यूनियन की जालंधर इकाई के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह  ने बताया कि बाकी मांगों के संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए 29 अक्टूबर 2026 को अगली बैठक निर्धारित की गई है। इन मांगों पर निर्णय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं।

29 अक्टूबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर आंदोलन की चेतावनीबैठक के बाद यूनियन ने हड़ताल और धरना समाप्त करते हुए बस सेवाएं बहाल करने का फैसला किया। हालांकि, संगठन ने पंजाब सरकार को चेतावनी दी है कि यदि 29 अक्टूबर तक बाकी मांगों को लागू करने के संबंध में ठोस और अंतिम निर्णय नहीं लिया गया, तो कर्मचारी दोबारा हड़ताल और धरने सहित तीखा संघर्ष शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। यूनियन ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और विभाग के संबंधित अधिकारियों की होगी। फिलहाल, बैठक के बाद हड़ताल समाप्त होने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। बाकी मांगों को लेकर अब सभी की निगाहें 29 अक्टूबर को होने वाली अगली बैठक पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *