भारत इंफो : पटियाला से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 27 वर्षीय युवक को पहले मोटरसाइकिल से गिराकर अगवा किया गया और फिर संगरूर में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने युवक का शव भवानीगढ़ के काला झाड़ इलाके के पास से बरामद किया है। मृतक की पहचान गांव डकाला, पटियाला निवासी नवाब खान के रूप में हुई है। घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पटियाला-संगरूर रोड पर युवक को टक्कर मारकर किया अगवा
जानकारी के मुताबिक, नवाब खान मोटरसाइकिल पर सफर कर रहा था। इसी दौरान पटियाला-संगरूर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास काले रंग की गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। आरोप है कि गाड़ी से उतरे हमलावरों ने नवाब पर तेजधार हथियारों से हमला किया। इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। इस पूरी घटना की CCTV फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है।
भवानीगढ़ के काला झाड़ के पास मिला युवक का शव
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तलाश करते हुए संगरूर के भवानीगढ़ इलाके तक पहुंची। इस दौरान पुलिस ने काला झाड़ के पास से नवाब खान का शव बरामद किया। जांच में युवक के शरीर पर तेजधार हथियारों से किए गए हमले के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो संदिग्धों की पहचान, हत्या की वजह की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में व्यक्तिगत रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।