Thursday, October 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

अमित शाह की रैली से पहले जालंधर में हड़कंप, स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

भारत इंफो : जालंधर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली से पहले स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह जालंधर स्थित कैंब्रिज स्कूल की ऑफिशियल ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल पहुंचने की जानकारी सामने आई है। ईमेल में शहर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

धमकी भरा मेल सामने आने के तुरंत बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।

11:11 बजे स्कूलों को उड़ाने की धमकी
बताया जा रहा है कि ईमेल में बच्चों को लेकर भी धमकी दी गई है। मेल में कथित तौर पर लिखा गया है कि सभी लोग अपने बच्चों को बचाएं। इसके साथ ही 11:11 बजे स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी में जालंधर के धार्मिक स्थल को लेकर भी गंभीर बात कही गई है। ईमेल में कथित तौर पर दोपहर 12:11 बजे देवी तालाब मंदिर को उड़ाने की धमकी दी गई है।

अमित शाह का देवी तालाब मंदिर जाने का कार्यक्रम
यह इसलिए भी बेहद संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बुधवार को जालंधर दौरे के दौरान शक्तिपीठ सिद्ध श्री देवी तालाब मंदिर में माथा टेकेंगे इस दौरान वह ऐतिहासिक त्रिपुरमालिनी शक्ति पीठ में भी पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह परागपुर में आयोजित नशा मुक्ति महारैली को संबोधित करेंगे।

रैली से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
अमित शाह के दौरे को देखते हुए जालंधर में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परागपुर में होने वाली रैली के स्थल पर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीमें सुरक्षा जांच कर चुकी हैं। मंदिर परिसर में भी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई हैं।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
ऐसे में स्कूलों और देवी तालाब मंदिर को लेकर सामने आई धमकी के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल धमकी भरे ईमेल की वैरिफिकेशन, इसे भेजने वाले की पहचान और इसमें बताए गए समय को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही इस धमकी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *