Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

पंजाब में एक बार फिर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और डॉग स्कवॉड मुस्तैद

भारत इंफो : फिरोजपुर कोर्ट परिसर को शनिवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी।

धमकी की सूचना के बाद पुलिस ने किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया और पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान कोर्ट में मौजूद कर्मचारियों, वकीलों और अन्य लोगों को बाहर कर दिया गया।

डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने की जांच
सुरक्षा जांच के लिए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने कोर्ट के कमरों, कार्यालयों, बरामदों और परिसर के अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की। सुरक्षा जांच के चलते सुबह करीब 11:30 बजे तक अदालतों की कार्रवाई प्रभावित रही। हालांकि तलाशी के दौरान परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद अदालतों में सामान्य कामकाज दोबारा शुरू कर दिया गया।

9 महीने में पांचवीं बार मिली धमकी
फिरोजपुर जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब नौ महीने के दौरान कोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर इस तरह की धमकी पांचवीं बार मिलने की बात सामने आई है। इससे पहले 8 जनवरी, 6 अप्रैल और 12 अगस्त को भी कोर्ट की ऑफिशियल ईमेल पर बम धमाके की धमकी वाले संदेश प्राप्त हुए थे। अब शनिवार 12 सितंबर को दोबारा धमकी मिलने से कोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बार-बार धमकियों से कोर्ट का कामकाज प्रभावित
लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हर बार पूरे कोर्ट परिसर की जांच करनी पड़ती है। इसके चलते अदालतों की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोकनी पड़ती है और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल के स्रोत और उसके पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *