Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले कांग्रेस का बड़ा फैसला, सचिन पायलट बने पंजाब प्रभारी

भारत इंफो : राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश संगठन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने राजस्थान के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। पायलट अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

भूपेश बघेल को असम का प्रभारी बनाया

कांग्रेस हाईकमान ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी के पद से हटाकर असम का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी सौंपे जाने को प्रदेश कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच अहम कदम माना जा रहा है।

चन्नी गुट लगातार कर रहा था बदलाव की मांग

पंजाब कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का गुट लंबे समय से प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लेकर नाराज बताया जा रहा था। राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बनाए रखने के फैसले के बाद चन्नी गुट की नाराजगी और बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि इस गुट ने पार्टी नेतृत्व और तत्कालीन प्रभारी भूपेश बघेल के सामने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी।

राजा वड़िंग की कुर्सी पर भी संकट?

चन्नी गुट की ओर से लगातार मांग की जा रही थी कि राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर किसी मजबूत नेता को पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपी जाए। अब सचिन पायलट को प्रभारी बनाए जाने के बाद पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में आगे भी बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं।

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या आने वाले दिनों में प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की भूमिका को लेकर भी कांग्रेस हाईकमान कोई बड़ा फैसला ले सकता है। हालांकि, फिलहाल पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *