Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर में गुरुद्वारा साहिब के बाहर बुजुर्ग से लूट की कोशिश, शोर मचते ही बाइक छोड़कर भागे लुटेरे

भारत इंफो : जालंधर शहर में लूट की वारदातों पर लगाम नहीं लग पा रही है। आए दिन तेजधार हथियारों से लैस लुटेरे लोगों को निशाना बना रहे हैं, जिससे शहरवासियों में डर का माहौल है। ताजा मामला थाना नंबर 4 के अंतर्गत डॉ. बीआर अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) के पास अजीत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर से सामने आया है। यहां देर रात एक्टिवा सवार एक बुजुर्ग से दो बाइक सवार युवकों ने लूट की कोशिश की।

सामान रखने के दौरान बाइक सवारों ने बुजुर्ग को रोका
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बुजुर्ग गुरुद्वारा साहिब के बाहर अपनी एक्टिवा खड़ी कर उसमें सामान रख रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार युवक वहां से गुजरते हैं। बुजुर्ग एक्टिवा लॉक कर गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाने लगते हैं। तभी दोनों युवक बाइक घुमाकर वापस आते हैं और आवाज देकर उन्हें रोक लेते हैं। इसके बाद एक युवक तेजधार हथियार लेकर बुजुर्ग के पास पहुंचता है और हाथापाई करते हुए उन्हें लूटने की कोशिश करता है।

गुरुद्वारा साहिब में घुसकर बचाई जान
बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का विरोध किया और अपनी जान बचाने के लिए गुरुद्वारा साहिब के अंदर भाग गए। उन्होंने शोर मचाया तो वहां मौजूद सेवादार और संगत मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। इस तरह बुजुर्ग ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया।

पुलिस ने शिकायत लेकर CCTV फुटेज कब्जे में ली
थाना नंबर 4 के प्रभारी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पुलिस को मिल गई है। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली है और आरोपियों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग से लूट की कोशिश की गई थी, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो सके।

गुरुद्वारा प्रबंधकों ने कार्रवाई न होने पर दी प्रदर्शन की चेतावनी
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजोत सिंह लक्की ने बताया कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय कुछ सेवादार गुरुद्वारा साहिब में सेवा कर रहे थे। एक बुजुर्ग अपना स्कूटर खड़ा कर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने लगे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का मारकर अंदर घुसने की कोशिश की। बुजुर्ग ने युवकों का विरोध करते हुए शोर मचा दिया। आवाज सुनकर सेवा कर रही संगत नीचे पहुंची, जिसके बाद दोनों युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

दोनों युवक गुरुद्वारा साहिब में लूट या बेअदबी की नीयत से दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। प्रबंधक कमेटी ने पुलिस को लिखित शिकायत देने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाई है। पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन के भीतर पकड़ने का भरोसा दिया है। अगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की तो सिंह सभाओं और विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के सदस्यों के साथ बैठक कर धरना-प्रदर्शन करने का फैसला लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *