Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

पाकिस्तान में इस्लामाबाद के अस्पताल में भीषण आग, 15 नवजात बच्चों की मौत से मचा हड़कंप

भारत इंफो : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के वक्त नर्सरी में कुल 16 नवजात बच्चे मौजूद थे, जिनमें से केवल एक बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

एसी कंप्रेसर फटने के बाद लगी आग
जानकारी के मुताबिक PIMS अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में एसी का कंप्रेसर फटने से जोरदार ब्लास्ट हुआ। इसके बाद वहां आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। राहत एवं बचाव कर्मियों ने आग बुझाने के साथ वार्ड में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की।

हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने हादसे की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने का फैसला किया है। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित यह कमेटी आग लगने के कारणों और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और लापरवाही से जुड़े पहलुओं का पता चल सकेगा।

इस्लामाबाद का सबसे बड़ा अस्पताल है PIMS
PIMS अस्पताल इस्लामाबाद के प्रमुख और सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल है। करीब 140 एकड़ क्षेत्र में फैले इस अस्पताल में लगभग 1,300 बेड हैं। यहां विभिन्न प्रकार की बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध है। अस्पताल परिसर में इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर समेत कई प्रमुख चिकित्सा केंद्र मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *