भारत इंफो : जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। 5 से 7 अज्ञात युवकों ने एक घर में जबरन घुसकर युवक पर हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
छत से नीचे खींचकर बेरहमी से की मारपीट
पीड़ित परिवार के अनुसार, रविवार रात शुभम अपने घर की छत पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों ने घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खुला, सभी आरोपी जबरन घर के अंदर घुस आए। आरोप है कि उन्होंने शुभम को छत से नीचे खींचकर लाया और हथियारों के बल पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। जब परिवार ने हमले की वजह पूछी तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वे शुभम को जबरन अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
घटना के बाद से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से शुभम को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार के साथ-साथ चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गाड़ी के नंबर और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इलाके में नाकाबंदी, आरोपियों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई गई है।