loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

पंजाब-चंडीगढ़ में अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

भारत इंफो : पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 1 अगस्त से अगले पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून रफ्तार पकड़ सकता है, जिससे जुलाई में हुई बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है।

कम दबाव के क्षेत्र का दिखेगा असर
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार, मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून ट्रफ पंजाब के दक्षिणी हिस्से की ओर बनी हुई है। इसके चलते अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन राज्य के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे रातें अपेक्षाकृत ठंडी और सुहावनी रहेंगी, हालांकि दिन के समय उमस बनी रह सकती है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने लोगों से सुखना लेक, सुखना कैचमेंट एरिया और घग्गर नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही गीले हाथों से बिजली के खंभों को न छूने और खुले या टूटे हुए बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। हाल ही में पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-25 में करंट लगने से एक युवती की मौत के बाद यह एडवाइजरी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *