loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

दिल्ली कूच फिलहाल स्थगित, शंभू बॉर्डर से लौटे किसान

भारत इंफो : अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को दिल्ली कूच के लिए निकले पंजाब के किसानों ने अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है। दोपहर करीब तीन बजे के बाद किसान शंभू बॉर्डर से वापस लौटने लगे। इस बीच कुरुक्षेत्र पुलिस ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को भी रिहा कर दिया।

हरियाणा के कृषि मंत्री के साथ बैठक में बनी सहमति
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव दिलबाग सिंह दिराजके ने बताया कि हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ हुई बैठक में किसानों की प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई। इसी के बाद किसान संगठनों ने धरना और दिल्ली कूच को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।

किसान नेताओं की रिहाई और केंद्र से वार्ता का आश्वासन
किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने भरोसा दिया है कि गिरफ्तार किए गए किसान नेताओं को जल्द रिहा किया जाएगा। साथ ही अगले 8 से 10 दिनों के भीतर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ किसानों की बातचीत शुरू कराई जाएगी। इस वार्ता में अमेरिका-भारत ट्रेड डील से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

सुबह बॉर्डर पहुंचे थे किसान, पुलिस ने किया था रोक
इससे पहले मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में किसान दिल्ली जाने के लिए पटियाला-अंबाला के बीच स्थित शंभू बॉर्डर और संगरूर-जींद मार्ग पर बने खनौरी बॉर्डर पहुंचे थे। किसानों के मार्च की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस ने दोनों सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर उन्हें सील कर दिया, जिसके कारण किसान आगे नहीं बढ़ सके। बाद में सरकार के साथ बातचीत के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *