भारत इंफो : जालंधर के फोलड़ीवाल इलाके में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खड़ी स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन के अंदर मौजूद व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
खेतों के पास जलती स्कॉर्पियो देखकर जुटे लोग
लोगों के मुताबिक खेतों के पास स्थित एक छप्पड़ के नजदीक खड़ी स्कॉर्पियो से अचानक आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। वाहन को जलता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने नजदीक जाकर देखा तो स्कॉर्पियो के अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ था, जो आग की चपेट में आ चुका था। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दमकल ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। आग बुझाने के बाद वाहन के अंदर से एक व्यक्ति का बुरी तरह झुलसा हुआ शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
बिना नंबर प्लेट की मिली स्कॉर्पियो
पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ऐसे में वाहन की पहचान करना भी चुनौती बना हुआ है। पुलिस वाहन के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर उसकी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी। वहीं जांच अधिकारी हत्या की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को वाहन में रखकर आग लगाई गई हो।