loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

अमृतसर में घर में सो रहा था परिवार, बाहर गूंजी गोलियां; फायरिंग से सहमे लोग

भारत इंफो : अमृतसर के जंडियाला गुरु में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच रविवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना वैरोवाल रोड स्थित एक मकान पर हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गोलियों की आवाज सुनकर जागा परिवार
घर के मालिक कुलवंत सिंह ने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे के बाद अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर निकले तो मोटरसाइकिल सवार हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई निजी रंजिश नहीं है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके घर को क्यों निशाना बनाया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी हरपाल सिंह सोही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

फिरौती कॉल्स को लेकर लोगों में चिंता
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से फिरौती मांगने के लिए लगातार फोन कॉल आ रहे हैं। उनका कहना है कि रकम न देने वाले लोगों के घरों और कारोबारिक प्रतिष्ठानों पर फायरिंग की घटनाएं भी सामने आई हैं। लोगों ने यह भी दावा किया कि नगर परिषद चुनावों के दौरान कई उम्मीदवारों और उनके परिवारों को विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल प्राप्त हुए थे।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के कारण जंडियाला गुरु और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *