loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

हिमाचल घूमने गए जालंधर के टूरिस्ट हादसे का शिकार, मां-बेटी समेत 2 की मौत

भारत इंफो : पंजाब के पर्यटकों की कार हिमाचल प्रदेश में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। कुल्लू जिले के भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सरसाड़ी के पास एक पर्यटक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और स्वयंसेवक शेरा नेगी मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी।

जालंधर के दो पर्यटकों की मौत
हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान परमिंदर (45) और निधि (19) निवासी जालंधर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

तीन घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में रितु (40), मानव (17) निवासी जालंधर और आदित्य (6) निवासी कपूरथला घायल हुए हैं। घायलों में से दो को भुंतर के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जबकि एक घायल को बेहतर इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेजा गया है।

मणिकर्ण से भुंतर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर की यह कार मणिकर्ण से भुंतर की ओर जा रही थी। सरसाड़ी के पास वाहन चालक का नियंत्रण कार से अचानक हट गया, जिसके चलते कार गहरी खाई में गिरते हुए पार्वती नदी के किनारे जा पहुंची। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *