loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

जालंधर में तेज रफ्तार ऑडी कार पलटी, चालक घायल होकर मौके से फरार

भारत इंफो : जालंधर के संविधान चौक (बीएमसी चौक) के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ऑडी कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कार चालक घायल बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

कार से शराब की बोतल मिलने के बाद बढ़ी शक की सुई
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत थाना-4 की पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो कार की तलाशी के दौरान अंदर से शराब की बोतल बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद लोगों ने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में कार चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

ओवरस्पीड के कारण खोया कार से नियंत्रण
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि ऑडी कार बीएसएफ चौक की तरफ से संविधान चौक की ओर आ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। हादसे के दौरान ऑडी ने आगे चल रही एक दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया।

सड़क पर लगा जाम, राहगीरों को हुई परेशानी
कार सड़क के बीचों-बीच पलटने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को हटवाकर ट्रैफिक को सुचारु कराया।

घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक
घटनास्थल से गुजर रहे पूर्व विधायक राजिंदर बेरी ने बताया कि हादसा काफी तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है। वहीं थाना-4 की एसएचओ अनु पलयाल ने कहा कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *