loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, ED ने चंडीगढ़ से लिया हिरासत में

भारत इंफो : पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार को बड़ा झटका लगा है। कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ED की टीम ने उन्हें चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास से हिरासत में लिया। सुबह से ही ED की टीम चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम में संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर ED की करीब 15 गाड़ियां पहुंची थीं, जिसके बाद पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

घर के बाहर तैनात किए गए CRPF जवान
रेड के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर जाने या बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए घर के बाहर CRPF जवानों को तैनात किया गया था। ED अधिकारियों ने कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि एजेंसी की ओर से अभी तक गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

महीने में दूसरी बार हुई रेड
बताया जा रहा है कि संजीव अरोड़ा पर इस महीने दूसरी बार और साल में तीसरी बार ED ने कार्रवाई की है। ED सूत्रों के अनुसार कुल चार ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इनमें चंडीगढ़ का सरकारी आवास और हैंपटन स्काई रियलिटी लिमिटेड का ऑफिस भी शामिल है। जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।

पंजाब की राजनीति में बढ़ी हलचल
कैबिनेट मंत्री की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर AAP सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। वहीं पार्टी की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *