loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 36°C
Breaking News

गुरदासपुर में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद की भी ली जान

भारत इंफो : पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बटाला के फतेहगढ़ चूड़ियां हलके के गांव कादियां राजपूतां में रविवार देर शाम हुई।

घर के अंदर मिले दोनों के शव
पुलिस के अनुसार, महिला का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला, जबकि व्यक्ति का शव सोफे पर मिला। घटना के समय दोनों घर में अकेले थे। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 9 और 7 साल बताई जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच में सामने आया है कि मृतक बरिंदर सिंह उर्फ बिंदा (42) का अपनी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। इसके बाद उसने परमशील उर्फ शैली (40) से दूसरी शादी की थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था।

पत्नी को गोलियां मारने के बाद खुद को मारी गोली
पुलिस जांच के अनुसार, विवाद के दौरान गुस्से में आकर बरिंदर सिंह ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पहले पत्नी की टांग और फिर सिर के दाईं ओर गोली मारी। इसके बाद उसने अपनी छाती में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने हथियार किया बरामद, जांच जारी
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम पारिवारिक झगड़े के कारण उठाया गया। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *