भारत इंफो : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। रामनगर से आ रही एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस कगोत इलाके के पास सड़क से करीब 100 फीट नीचे खाई में गिरकर पलट गई।
21 की मौत, 29 से ज्यादा घायल
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की जान चली गई, जबकि 29 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
टायर फटने से हुआ हादसा
घायलों के अनुसार बस ओवरलोड थी और तेज रफ्तार में चल रही थी। कगोत नाले के पास अचानक बस का टायर फट गया, जिसके बाद ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।