भारत इंफो : पुणे एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे भारतीय वायुसेना के एक लड़ाकू विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद रनवे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। इस घटना के चलते एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन करीब 8 घंटे तक प्रभावित रहा।
सुबह से दोबारा शुरू हुआ संचालन
वायुसेना के अनुसार विमान का क्रू पूरी तरह सुरक्षित है। रनवे बंद रहने के कारण रातभर फ्लाइट्स प्रभावित रहीं, हालांकि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सुबह 7:30 बजे से एयरपोर्ट पर उड़ानें दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो गईं।
91 फ्लाइट्स रद्द, कई एयरलाइंस प्रभावित
एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक इस घटना के कारण कुल 91 फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा। इनमें इंडिगो की 65, एयर इंडिया की 6, स्पाइसजेट की 5, अकासा एयर की 5 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 10 फ्लाइट्स शामिल हैं।
जल्द पूरी तरह सामान्य होगा संचालन
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि रनवे की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है और दिन के दौरान सभी फ्लाइट ऑपरेशन पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे। इस घटना के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन अब हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं।