loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

जालंधर में दिनदहाड़े लूट, ट्रैवल एजेंसी से 1.08 लाख लेकर फरार; घटना CCTV में कैद

भारत इंफो : जालंधर के हरनामदासपुरा इलाके में स्थित वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रैवल में लूट की वारदात सामने आई है। तीन लुटेरे दुकान से करीब 1 लाख 8 हजार रुपए की नगदी लेकर फरार हो गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस ने गुरदीप नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शाम 4 बजकर 22 मिनट पर दुकान में एक युवती अकेली बैठी हुई थी। इसी दौरान ब्लैक शर्ट पहने एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकान में दाखिल हुआ और टिकट के बारे में पूछताछ करने लगा। कुछ ही देर में चेक शर्ट पहने दूसरा युवक मास्क लगाकर अंदर आ गया और वहां खड़ा हो गया।

मौके का फायदा उठाकर लूट को दिया अंजाम
जब युवती फोन पर व्यस्त हो गई, तभी पहला आरोपी उसके पीछे पहुंच गया और उसका मुंह दबोच लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने तिजोरी से नगदी निकाली और बाहर निकल गए, जहां उनका तीसरा साथी पहले से मौजूद था। तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पहले की थी रेकी, फिर दोबारा आकर की वारदात
एसीपी अजय सिंह के अनुसार, शाम करीब 6:22 बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी करीब 3:30 बजे दुकान पर आए थे और स्थिति का जायजा लेकर चले गए थे। बाद में दोबारा आकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *