शराब और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाने की मांग
बाल संरक्षण इकाई ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र; ‘पटियाला पैग’ समेत चार गानों पर जताई आपत्ति, बुलेट बेल्ट पहनने और बच्चों को स्टेज पर बुलाने पर भी उठाए सवाल
भारत इंफो, अहमदाबाद
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का विवादों से पीछा नहीं छूट रहा है। मध्य प्रदेश के इंदौर में उनके कॉन्सर्ट से पहले कुछ गानों पर आपत्ति जताए जाने के बाद अब गुजरात के अहमदाबाद में भी उनके आगामी कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अहमदाबाद की जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर दिलजीत के कॉन्सर्ट में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को कथित तौर पर बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाने देने की मांग की है।
दिलजीत दोसांझ का ‘RuPay Aura India Tour’ के तहत 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिला बाल संरक्षण इकाई ने 6 नवंबर को पुलिस कमिश्नर अनुपम गेलोत को पत्र भेजकर कार्यक्रम के दौरान कुछ विशेष सावधानियां बरतने का अनुरोध किया है।
इन चार गानों पर जताई गई आपत्ति
बाल संरक्षण इकाई ने अपने पत्र में दिलजीत के चार गानों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। इनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विच्चों फिम लभिया’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारां दी’ शामिल हैं। पत्र में कहा गया है कि इन गानों में शराब, अफीम और नशीले पदार्थों के सेवन तथा हथियारों और हिंसा का महिमामंडन होने की आशंका है। इकाई का तर्क है कि ऐसे गीतों का बच्चों और युवाओं के मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यहां तक कि गानों के बोल बदलकर प्रस्तुत करने पर भी आपत्ति जताई गई है।
बुलेट बेल्ट पहनने पर भी आपत्ति
बाल संरक्षण इकाई ने दिलजीत के स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान पहने जाने वाले कारतूसों जैसे दिखने वाले बुलेट बेल्ट पर भी सवाल उठाए हैं। पत्र में कहा गया है कि इस तरह की वेशभूषा गन कल्चर और हिंसा को बढ़ावा देने वाली छवि पेश कर सकती है। इसलिए गायक को कार्यक्रम के दौरान ऐसी बेल्ट नहीं पहनने देने का अनुरोध किया गया है।
बच्चों को स्टेज पर नहीं बुलाने की मांग
पत्र में कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। इकाई ने अनुरोध किया है कि बच्चों को स्टेज पर न बुलाया जाए। इसके पीछे तेज आवाज और तेजी से बदलती फ्लैश लाइट्स को वजह बताया गया है। पत्र के अनुसार, कार्यक्रम में ध्वनि का स्तर 120 डेसीबल से अधिक होने और तेज रोशनी के प्रभाव से छोटे बच्चों की सुनने की क्षमता तथा स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। कुछ परिस्थितियों में तेज फ्लैश लाइट्स से दौरे पड़ने का खतरा भी जताया गया है।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले का हवाला
जिला बाल संरक्षण इकाई ने अपने पत्र में 22 जुलाई 2019 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से दिए गए फैसले का भी उल्लेख किया है। इसमें नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गीतों के बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके अलावा केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का भी हवाला दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर बोले- जनहित में लेंगे फैसला
मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉन्सर्ट को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस की ओर से अंतिम आदेश जारी किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि इससे पहले मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर भी इसी तरह की आपत्तियां उठाई गई थीं। वहां भी चार गानों को प्रस्तुत नहीं करने को लेकर निर्देश दिए गए थे। अब अहमदाबाद में भी इसी तरह की मांग सामने आने से दिलजीत के लाइव कॉन्सर्ट और गीतों की विषयवस्तु को लेकर बहस तेज हो गई है।