Tuesday, November 10, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

चंडीगढ़ में कांग्रेस को झटका: बार एसोसिएशन प्रधान अमरजीत गुजराल पत्नी समेत अकाली दल में शामिल

सुखबीर बादल ने किया स्वागत

भारत इंफो, चंडीगढ़

चंडीगढ़ में आगामी नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। चंडीगढ़ जिला अदालत बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अमरजीत सिंह गुजराल ने अपनी पत्नी एवं पूर्व पार्षद रविंदर कौर गुजराल के साथ शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया। दोनों ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में अपने समर्थकों सहित अकाली दल की सदस्यता ग्रहण की।

अमरजीत गुजराल कांग्रेस में महासचिव होने के साथ आगामी नगर निगम चुनाव के लिए गठित पार्टी की प्रचार समिति के सदस्य भी थे। वहीं, उनकी पत्नी रविंदर कौर गुजराल वर्ष 2016 में कांग्रेस के टिकट पर वार्ड नंबर 23 से पार्षद चुनी गई थीं।

अकाली दल की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष चरणजीत सिंह विर्क ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि गुजराल दंपति के शामिल होने से चंडीगढ़ में पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि यह शहर में अकाली दल के पक्ष में नई राजनीतिक लहर की शुरुआत है।

इस अवसर पर चंडीगढ़ की पूर्व मेयर हरजिंदर कौर भी मौजूद रहीं। अमरजीत गुजराल ने संकेत दिया कि यदि पार्टी उन्हें आगामी नगर निगम चुनाव में टिकट देती है तो वह चुनाव लड़कर वार्ड के लोगों की सेवा करना चाहेंगे।  नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस के एक प्रमुख पदाधिकारी और उनके परिवार का अकाली दल में जाना पार्टी के लिए राजनीतिक झटका माना जा रहा है। वहीं, अकाली दल इसे चंडीगढ़ में अपना जनाधार बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देख रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *