loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 23°C
Breaking News

BREAKING NEWS: इथियोपिया से गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ अफरीदी भारत लाया गया, 10 महीने की अंतरराष्ट्रीय तलाश के बाद ऑपरेशन ‘शहीद’ सफल

डोनी बल-प्रभ दासूवाल गैंग का प्रमुख सरगना है अफरीदी

पंजाब में टारगेट किलिंग और फिरौती के लिए फायरिंग करवाने का आरोप; गिरफ्तारी की सूचना पर था 5 लाख रुपये का इनाम

 

भारत इंफो, चंडीगढ़

पंजाब पुलिस को गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब ने काउंटर इंटेलिजेंस की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत वापस लाया है। यह कार्रवाई करीब 10 महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय तलाश के बाद ऑपरेशन ‘शहीद’ के तहत की गई।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव, आईपीएस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गुरविंदर उर्फ अफरीदी डोनी बल-प्रभ दासूवाल गैंग का प्रमुख सरगना है।

विदेश में बैठकर पंजाब में अपराध करवाने का आरोप

डीजीपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठकर पंजाब में टारगेट किलिंग, फिरौती के लिए फायरिंग की घटनाओं और संगठित आपराधिक गतिविधियों को कथित तौर पर निर्देशित कर रहा था। पंजाब सरकार ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 5 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका में हुई तलाश

डीजीपी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए कई देशों में लगातार खुफिया जानकारी जुटाई गई, निगरानी रखी गई और उसकी लोकेशन ट्रैक की गई। यह अभियान एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के विभिन्न देशों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर चलाया गया। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में सहयोग के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का आभार जताया। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध रोकने और राज्य में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *