Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

36 हजार फीट की ऊंचाई पर इंजन में आई खराबी, अबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट कोच्चि लौटी

भारत इंफो : एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबू धाबी जा रही एक फ्लाइट को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के चलते वापस कोच्चि लौटना पड़ा। विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसके इंजन-1 में फ्यूल ऑयल की मात्रा तेजी से कम होने लगी। कुछ समय बाद ऑयल प्रेशर खतरनाक स्तर यानी रेड जोन में पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने इंजन-1 को बंद कर दिया और विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला लिया।

यह घटना 7 सितंबर की बताई जा रही है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। हालांकि, घटना को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस और DGCA की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

उड़ान के करीब 50 मिनट बाद सामने आई खराबी
मीडिया रिपोर्ट्स मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद पायलटों को इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से कम होने का पता चला। इसके बाद फ्लाइट क्रू ने स्थिति का आकलन करने के लिए FORDEC प्रक्रिया अपनाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक दल ने आगे की उड़ान जारी रखने के बजाय विमान को कोच्चि वापस लाने का फैसला लिया। कमांडर ने हाई फ्रिक्वेंसी के जरिए मुंबई रेडियो से संपर्क किया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान के वापस कोच्चि लौटने की जानकारी दी।

रेड जोन में पहुंचा ऑयल प्रेशर, इंजन किया बंद
विमान के इंजन-1 में ऑयल की मात्रा लगातार कम होती गई और बाद में ऑयल प्रेशर रेड जोन में पहुंच गया। इसके बाद पायलटों ने एहतियाती कदम उठाते हुए इंजन-1 को बंद कर दिया। इंजन में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद विमान को सुरक्षित तरीके से कोच्चि लौटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल घटना के तकनीकी कारणों और विमान की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *