loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 24°C
Breaking News

केरल में भीषण हादसा, खड़ी लॉरी में घुसी कार; 8 इंजीनियरिंग छात्रों की दर्दनाक मौत

भारत इंफो : केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई। छात्रों से भरी कार हाईवे पर खड़ी लॉरी के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और छात्रों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।

रात 11:40 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे कैपामंगलम के पनंबिकुन्नू इलाके में हुआ। कार में सवार सभी छात्र तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे।

बताया गया कि कार गुरुवायुर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार हाईवे पर खड़ी महाराष्ट्र नंबर की लॉरी के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

6 छात्रों की मौके पर मौत, 2 ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में 6 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 2 अन्य छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

इस तरह हादसे में कार सवार सभी 8 इंजीनियरिंग छात्रों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कार काटकर निकाले गए छात्रों के शव

टक्कर के बाद कई छात्र कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कार की हालत इतनी खराब थी कि छात्रों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को कार से बाहर निकाला गया।

शव त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेजे गए

रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद सभी मृतकों के शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *