भारत इंफो : लुधियाना में स्विमिंग पूल में नहाने के बाद 15 साल के बच्चे की अचानक मौत हो गई। बच्चा पूल से निकलकर किनारे पर अपने दोस्त के साथ बैठा था, तभी उसकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही सेकेंड में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है और इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। मृतक की पहचान वंश के रूप में हुई है।
पूल में दो बार लगाई डुबकी, फिर किनारे पर बैठा
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि वंश ने स्विमिंग पूल में दो बार डुबकी लगाई। इसके बाद वह पूल से बाहर निकलकर किनारे पर बैठ गया और अपने दोस्त के साथ बातचीत करने लगा।
कुछ देर बाद वंश अचानक असहज महसूस करने लगा। वह हाथ ऊपर करके अंगड़ाई लेने लगा और फिर वहां से चलने लगा। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ती दिखाई दी।
चलते-चलते लड़खड़ाया, दीवार से सिर लगाकर बंद की आंखें
फुटेज में आगे नजर आता है कि वंश चलते समय लड़खड़ाने लगा। इसके बाद वह पीछे मुड़ा और अपने दोस्त के पास पहुंचकर दीवार से सिर लगाकर आंखें बंद कर लीं।
कुछ ही देर बाद वंश बेहोश होकर गिरने लगा। उसके दोस्त ने उसे संभालने की कोशिश की। करीब 10 से 15 सेकेंड तक दोस्त उसे सहारा देकर खड़ा रखने का प्रयास करता रहा, लेकिन वह खुद को संभाल नहीं सका।
बेहोश होकर गिरा तो दोस्तों ने मचाया शोर
वंश जब पूरी तरह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया तो उसके दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों को बुलाया। दूसरे बच्चे भी वहां पहुंचे और वंश को उठाने तथा आवाज लगाने की कोशिश की।
बच्चों ने उसे होश में लाने का प्रयास किया। किसी ने उसके पैर मले तो किसी ने CPR देने की कोशिश की। इसी दौरान स्विमिंग पूल के गार्ड को भी बुलाया गया। हालांकि, वंश की जान नहीं बच सकी।
परिवार के मुताबिक पहले से थी हार्ट की समस्या
वंश के परिजनों के मुताबिक, उसे पहले से हार्ट से जुड़ी समस्या थी, हालांकि उसकी हालत काफी हद तक ठीक हो गई थी। परिवार ने बताया कि वंश अक्सर अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल जाता था। इसी वजह से उसे ज्यादा रोक-टोक नहीं की जाती थी और परिवार उसे खुश रखने की कोशिश करता था।
29 अगस्त को भी वंश अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल गया था। वहां नहाने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज से सामने आया घटनाक्रम
इस घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पूरी घटना का क्रम दिखाई दे रहा है कि किस तरह पूल से निकलने के कुछ देर बाद वंश की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर गया। मामले में मौत के सही कारणों को लेकर चिकित्सकीय जांच की जरूरत होगी।