Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

कानून का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस खुद भूली कायदा! जालंधर में युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल

भारत इंफो : जालंधर पुलिस एक बार फिर अपने व्यवहार को लेकर सवालों के घेरे में है। जालंधर बाईपास पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के रवैये को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

चालान काटने को लेकर पुलिस से बहस
वायरल वीडियो में युवक और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच चालान को लेकर बातचीत होती सुनाई दे रही है। युवक पुलिसकर्मी से कहता है कि उसका फोन इस तरह नहीं लिया जा सकता। उसका कहना है कि उसने फोन सिर्फ लाइसेंस दिखाने के लिए दिया था। इसके बाद युवक चालान काटने की वजह पूछता है। इसी दौरान पास खड़े एक पुलिस अधिकारी को गुस्से में युवक को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि युवक ने पुलिसकर्मी के हाथ से अपनी आरसी लेने की कोशिश की थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

युवक ने पुलिस के व्यवहार पर उठाए सवाल
वीडियो में युवक पुलिस के इस व्यवहार पर सवाल उठाता नजर आ रहा है। उसका कहना है कि वह राजस्थान समेत कई राज्यों में करीब 3 हजार किलोमीटर गाड़ी चलाकर आया है, लेकिन जालंधर पहुंचने पर उसका चालान कर दिया गया। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति भी पुलिसकर्मी द्वारा युवक को थप्पड़ मारने की बात कहता सुनाई दे रहा है। युवक का कहना है कि पुलिस को उसके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था।

CP दफ्तर में शिकायत की बात
युवक ने कहा कि वह इस मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर (CP) के दफ्तर में शिकायत करेगा और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *