Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर में डुप्लीकेट माल पर कार्रवाई के दौरान हंगामा, SHO बोलीं- ‘जहां मर्जी चले जाओ’

भारत इंफो : जालंधर के कपूरथला चौक के पास स्थित गोल्डन टूल्स की दुकान पर देर रात कंपनी के कथित कॉपी सामान को लेकर हंगामा हो गया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने दुकान मालिक पर कंपनी के नाम से डुप्लीकेट सामान बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंपनी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में दुकान से कथित तौर पर संदिग्ध सामान जब्त किया गया। इस दौरान दुकान मालिक और पुलिस के बीच बहस भी हुई।

कार्रवाई के दौरान SHO और डिस्ट्रीब्यूटर आमने-सामने
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें थाना-2 की SHO अनु पलियाल और डिस्ट्रीब्यूटर के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में SHO कथित तौर पर दुकान से काफी मात्रा में डुप्लीकेट माल मिलने की बात कहती सुनाई दे रही हैं। वह यह भी कहती हैं कि कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई होने पर बचने का रास्ता नहीं मिलेगा। वीडियो में SHO डिस्ट्रीब्यूटर से यह सवाल भी करती सुनाई देती हैं कि उन्होंने उन्हें फोन क्यों नहीं किया।

डिस्ट्रीब्यूटर ने उठाया लैब टेस्ट का सवाल
इस पर डिस्ट्रीब्यूटर ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना लैब टेस्ट के पहले ही यह कैसे तय किया जा सकता है कि सामान डुप्लीकेट है। उसने दावा किया कि दुकान में मौजूद सामान के उनके पास बिल उपलब्ध हैं और पुलिस को बिल वाले सामान की भी जांच करनी चाहिए। डिस्ट्रीब्यूटर ने यह आरोप भी लगाया कि उनके साथ हमला हुआ और उनके स्टोर में शराब के नशे में लेबर घुसी थी, लेकिन इस मामले में कोई बात नहीं की जा रही।

‘जहां मर्जी चले जाओ’, SHO का जवाब
वीडियो में डिस्ट्रीब्यूटर ने कहा कि वह पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह से मिलकर उनके सामने भी पूरा मामला रखना चाहते हैं। इस पर SHO कथित तौर पर कहती हैं कि जहां मर्जी चले जाओ, लेकिन फिलहाल कार्रवाई में बाधा न डालें। उन्होंने कहा कि वह अपनी जांच अधिकारी (IO) की बात सुनेंगी, डिस्ट्रीब्यूटर की नहीं। डिस्ट्रीब्यूटर ने जब कहा कि उनके पास थाना-2 का नंबर नहीं था और उनके पास थाना-1 का नंबर था, तो SHO ने सवाल किया कि क्या यहां कार्रवाई थाना-1 के अधिकारी करेंगे। उन्होंने थाना-1 का नंबर बताने के लिए भी कहा।

संदिग्ध सामान ट्रकों में भरकर ले गई पुलिस
बहस के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी। पुलिस की ओर से दुकान से जब्त किए गए संदिग्ध सामान को ट्रकों में लदवाकर थाने ले जाया गया। अब इस सामान की जांच और मामले की आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

डिस्ट्रीब्यूटर ने आरोपों को किया खारिज
दूसरी ओर, गोल्डन डिस्ट्रीब्यूटर के मालिक ने कंपनी की ओर से लगाए गए डुप्लीकेट सामान बेचने के आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि दुकान में मौजूद पूरे सामान के बिल उनके पास उपलब्ध हैं और उन्हें गलत तरीके से मामले में फंसाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस कार्रवाई और डुप्लीकेट सामान के आरोपों को लेकर दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *