Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

पंजाब भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया के जालंधर दौरे से पहले हंगामा, AAP वर्करों ने किया विरोध

भारत इंफो : पंजाब भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया आज जालंधर दौरे पर हैं। वह लॉयंस क्लब में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने वाले हैं। हालांकि, उनके कार्यक्रम से पहले ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध को देखते हुए पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी है और प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से दूर रखने की कोशिश की जा रही है।

हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन
AAP कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार का मुद्दा उठाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की तख्तियों पर ‘कांग्रेस कातिल और भाजपा हमदर्द’ जैसे नारे लिखे हुए हैं।

‘भाजपा का दोहरा चेहरा सामने आया’
विरोध प्रदर्शन कर रहे AAP नेताओं का कहना है कि भाजपा का कथित दोहरा चेहरा अब जनता के सामने आ गया है। AAP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सज्जन कुमार के निधन के बाद भाजपा के तीन सांसद उनके घर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे, जिससे पंजाबियों में रोष है।

एक तरफ भाजपा पंजाब और सिख समुदाय के प्रति हमदर्दी जताती है, जबकि दूसरी तरफ उसके सांसद 1984 के दंगों के दोषी रहे व्यक्ति के घर जाकर शोक व्यक्त करते हैं। इसी मुद्दे को लेकर जालंधर में भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया के कार्यक्रम से पहले विरोध किया जा रहा है।

तीन भाजपा सांसदों के शोक जताने पर हुआ था विवाद
दरअसल, 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी और पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार के निधन के बाद भाजपा के तीन सांसद उनके आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। इस घटना को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। जानकारी सामने आने के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद योगेंद्र चंदोलिया और सांसद कमलजीत सहरावत को तलब कर फटकार लगाई थी। इसी घटनाक्रम को लेकर अब AAP कार्यकर्ताओं की ओर से जालंधर में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए प्रदर्शनकारियों और भाजपा के कार्यक्रम के बीच बैरिकेडिंग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *