Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर पहले थार से हुई गाड़ी की टक्कर, फिर 3 युवकों ने घेरा; कुछ देर बाद बैग से गायब मिले 6 लाख

भारत इंफो : जालंधर में देर रात एक कारोबारी की थार कार से 5 से 6 लाख रुपये कैश गायब होने का मामला सामने आया है। घटना श्री गुरु नानक मिशन चौक और ऑक्सफोर्ड अस्पताल के पास की बताई जा रही है। कारोबारी के मुताबिक, उसकी थार की आगे जा रही वैगनआर कार से हल्की टक्कर हुई थी। इसके बाद कार सवार तीन युवकों ने उसके साथ बहसबाजी की और इसी दौरान कार में रखे बैग से नकदी गायब हो गई।

मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
बस्ती गुजां निवासी व्यापारी विशाल शास्त्री गैस चूल्हों का होलसेल कारोबार करते हैं। देर रात करीब 11 बजे वह श्री गुरु नानक मिशन चौक से डॉक्टर बीआर अंबेडकर चौक की ओर जा रहे थे। ऑक्सफोर्ड अस्पताल के बाहर उन्हें घर से फोन आया। फोन उठाने के लिए उन्होंने थार की ब्रेक लगाई। इसी दौरान उनका ध्यान कुछ समय के लिए सड़क से हटा और थार आगे चल रही वैगनआर कार से हल्की-सी टकरा गई। टक्कर में वैगनआर की लाइट टूट गई।

तीन युवकों ने की बहसबाजी, चाबी छीनने का आरोप
विशाल ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद वह कार से बाहर आए और वैगनआर में हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कही। उनके मुताबिक, लाइट टूटने से करीब 5 से 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ था, जिसे वह देने के लिए तैयार थे। इसके बाद वैगनआर से तीन युवक नीचे उतरे और उनके साथ बहसबाजी व गाली-गलौज करने लगे।

विशाल ने आरोप लगाया कि युवकों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की और थार की चाबी भी जबरदस्ती निकाल ली। हंगामे के दौरान चाबी सड़क पर गिर गई। बाद में यह चाबी पीछे से बरामद हुई। आसपास के लोगों के मौके पर इकट्ठा होने के बाद तीनों युवक वहां से फरार हो गए।

बैग की चेन खुली मिली, 5-6 लाख रुपये गायब
घटना के बाद कारोबारी के रिश्तेदार और बेटा मौके पर पहुंचे। जब थार के अंदर रखे बैग की जांच की गई तो उसकी जिप खुली हुई मिली। विशाल के अनुसार, बैग में मार्केट से हुई रोजाना की रिकवरी के करीब 5 से 6 लाख रुपये कैश रखे हुए थे, जो वहां से गायब मिले। विवाद और हंगामे के दौरान तीनों युवकों ने उनकी कार से यह नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए।

पुलिस CCTV और तकनीकी जांच में जुटी
मामले को लेकर ACP मनमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए टीमें गठित की हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा तकनीकी जांच और मानव संसाधन की मदद से भी आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उन्हें ट्रेस कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *