Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर में कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ खोला मोर्चा, प्याज का लंगर लगाकर BJP और AAP सरकार को घेरा

भारत इंफो : जालंधर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस की अगुवाई में अनोखा प्रदर्शन किया गया। केंद्र की बीजेपी सरकार और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर ‘मुफ्त प्याज का लंगर’ लगाया। प्रदर्शनकारियों ने लोगों को मुफ्त प्याज बांटकर महंगाई के खिलाफ अपना विरोध जताया। प्याज के बाद जल्द ही चीनी का लंगर भी लगाया जाएगा। उनका आरोप है कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी और खासकर गरीब दिहाड़ीदार वर्ग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सिलेंडर, चीनी और सब्जियों के दामों को लेकर सरकार पर निशाना
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सिलेंडर, चीनी और सब्जियों समेत रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इससे आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई की मौजूदा स्थिति के कारण लोग पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल को याद करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।

‘हजार रुपये देने का वादा, दूसरी तरफ बढ़ रही महंगाई’
कांग्रेस नेताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को हर महीने हजार रुपये देने का वादा करने वाली सरकार दूसरी तरफ चीनी और सब्जियों की बढ़ती कीमतों के जरिए जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। सरकार को राजनीतिक वादों के बजाय आम लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल का किया समर्थन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने पंजाब में चल रही सरकारी कर्मचारियों की महाहड़ताल का भी समर्थन किया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि लंबे समय बाद पंजाब में ऐसे हालात बने हैं, जहां बड़ी संख्या में सरकारी विभागों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना (OPS) और महंगाई भत्ते (DA) समेत अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने के बजाय मामलों को कोर्ट-कचहरी में उलझा रही है।

CM मान के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘या तो हड़ताल कर लो या मीटिंग’ वाले बयान पर भी कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक और कर्मचारी को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ हड़ताल कर रहे सरकारी कर्मचारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में जनता सरकार की नीतियों और कथित तानाशाही का जवाब अपने वोट से देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *