Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

पंजाब में बिजली बिल को लेकर बड़ी राहत! 60 हजार से ज्यादा लोगों के बिल होंगे दोबारा जारी, 300 यूनिट फ्री सब्सिडी भी मिलेगी

भारत इंफो : पंजाब में बिजली के ज्यादा बिल और 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सब्सिडी का लाभ नहीं मिलने से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। पंजाब सरकार ने ऐसे 63,702 उपभोक्ताओं की पहचान की है, जिन्हें मई और जून की 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सब्सिडी नहीं मिल पाई थी। अब इन उपभोक्ताओं के बिजली बिल नए सिरे से तैयार किए जाएंगे।

मीटर रीडर्स की हड़ताल के दौरान औसत खपत के आधार पर भेजे गए बिल
बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीटर रीडर्स की हड़ताल के दौरान कई उपभोक्ताओं के मीटर की वास्तविक रीडिंग नहीं हो सकी थी। ऐसे में उन्हें औसत बिजली खपत के आधार पर बिल भेजे गए। इस प्रक्रिया के कारण मई और जून महीने में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सब्सिडी कई उपभोक्ताओं के बिल में शामिल नहीं हो सकी। इसके चलते कुछ उपभोक्ताओं को सामान्य से ज्यादा बिजली बिल प्राप्त हुए।

3 वर्किंग डे में जारी होंगे नए बिल
सरकार ने अब प्रभावित सभी 63,702 उपभोक्ताओं के बिल दोबारा तैयार करने का फैसला किया है। बिजली मंत्री के अनुसार, अगले तीन वर्किंग डे के भीतर नए बिल जारी कर दिए जाएंगे। इनमें मई और जून की मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी को शामिल किया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने ज्यादा राशि वाला पुराना बिल पहले ही जमा कर दिया है, उन्हें भी राहत दी जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं की अतिरिक्त जमा राशि का एडजस्टमेंट अगले बिजली बिल में किया जाएगा।

ज्यादा बिल की शिकायत के लिए विशेष हेल्पलाइन
सरकार ने ज्यादा बिजली बिल आने से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन शुरू करने की भी बात कही है। इसके लिए 20 कर्मचारियों की टीम तैनात की जाएगी, जो उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनेगी और उनका समाधान करेगी। सरकार के इस फैसले से उन हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें मीटर रीडिंग की समस्या के कारण 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *