Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर में पति की हैवानियत! टॉयलेट क्लीनर पिलाने का आरोप, मौत से पहले बेटी के लिए तड़पती रही मां

भारत इंफो : जालंधर में टॉयलेट क्लीनर पिलाकर लेक्चरर पत्नी नेहा (36) की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि वारदात के समय आरोपी पति उमंग बस्सी की प्रेमिका सतपाल कौर भी मौके पर मौजूद थी और उसने नेहा को टॉयलेट क्लीनर पिलाने में मदद की। भाई के बयान के आधार पर पुलिस ने पति उमंग बस्सी के साथ सतपाल कौर को भी मामले में नामजद कर लिया है।

भाई का आरोप- वारदात के समय मौके पर थी प्रेमिका
नेहा के भाई ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसकी बहन को टॉयलेट क्लीनर पिलाने में पति उमंग बस्सी के साथ उसकी प्रेमिका सतपाल कौर ने भी मदद की। पुलिस ने इन आरोपों के आधार पर सतपाल कौर को भी केस में नामजद किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस दोनों आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

शादी के बाद एक साल तक सब ठीक था
नेहा की भाभी दिव्या के मुताबिक, नेहा और उमंग बस्सी की करीब सात साल पहले मैट्रीमोनियल के जरिए शादी हुई थी। शादी के शुरुआती करीब एक साल तक दोनों के बीच सब ठीक रहा। इसके बाद नेहा ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद कथित तौर पर उसके पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया।

दिव्या का आरोप है कि पिछले करीब एक साल से उमंग बस्सी की प्रेमिका सतपाल कौर भी नेहा को परेशान कर रही थी। परिवार का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के बीच आखिरकार नेहा की जान चली गई।

अंतिम समय में बेटी को तलाशती रही नेहा
नेहा की भाभी दिव्या ने भावुक होते हुए बताया कि अस्पताल में वेंटिलेटर पर रहने के दौरान भी नेहा अपनी छह साल की बेटी कियारा को तलाशती रही। परिवार के मुताबिक, नेहा बार-बार अपनी बेटी को देखने की इच्छा जता रही थी और कह रही थी कि वह बेटी को देखे बिना नहीं मरना चाहती।

बच्ची की कस्टडी की मांग
दिव्या ने बताया कि नेहा के अंतिम शब्दों में अपनी बेटी की चिंता थी। उसने कहा था कि उसकी बेटी को अपनी बेटी की तरह पालना। परिवार अब छह साल की कियारा की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित है। नेहा की अंतिम निशानी उसकी बेटी कियारा को उन्हें सौंपा जाए। परिवार को आशंका है कि बच्ची भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उसे परिवार के संरक्षण में देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *