Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

नकोदर से लौटते समय उजड़ गया परिवार, कार से एक्टिवा की टक्कर में बेटी समेत पति-पत्नी की मौत

भारत इंफो : जालंधर के फिल्लौर में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार पति-पत्नी और उनकी 6 साल की बेटी की मौत हो गई। हादसा हरीपुर और प्रतापपुरा के बीच हुआ, जहां उनकी एक्टिवा की कार से टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान लुधियाना के गांव भामियां निवासी विनय कुमार, उनकी पत्नी सुमन और बेटी कविशा के रूप में हुई है।

धार्मिक स्थल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, परिवार अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ एक्टिवा और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नकोदर स्थित धार्मिक स्थल पर माथा टेकने गया था। दर्शन करने के बाद सभी वापस लुधियाना लौट रहे थे। इसी दौरान हरीपुर और प्रतापपुरा के बीच एक्टिवा की एक कार से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया।

बेटी और मां ने अस्पताल में तोड़ा दम
सिविल अस्पताल फिल्लौर में डॉक्टरों ने सुमन और उनकी 6 साल की बेटी कविशा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विनय कुमार की हालत गंभीर बताई गई थी, जिसके चलते उन्हें आगे इलाज के लिए रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान विनय कुमार की भी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

कार सवार ने बताई हादसे की जानकारी
अस्पताल में भर्ती कार सवार रविंदर सिंह ने बताया कि वह लुधियाना से नूरमहल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी कार की एक्टिवा से टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि हादसा किस तरह हुआ, इसका उन्हें भी स्पष्ट पता नहीं चल सका। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *