Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर में कारोबारी से 72 लाख की लूट, लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़कर ले गए कैश

भारत इंफो : जालंधर में लोहा कारोबारी ललित मित्तल के साथ बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। सोमवार रात टांडा रोड से घर लौट रहे कारोबारी की कार को बदमाशों ने ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। इसके बाद लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़कर अंदर रखे नकदी से भरे दो बैग लूटकर फरार हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, दोनों बैगों में करीब 72 लाख रुपये की नकदी थी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

टांडा रोड से ही कारोबारी का पीछा कर रहे थे बदमाश
ललित मित्तल का टांडा रोड पर लोहे का कारोबार है। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी कार में दो बैग लेकर टांडा रोड स्थित दुकान से सूर्या एंक्लेव स्थित अपने घर के लिए निकले थे। पुलिस की शुरुआती जांच और वारदात के तरीके से आशंका है कि बदमाश पहले से ही कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने टांडा रोड से ही ललित मित्तल की कार का पीछा करना शुरू कर दिया था। कारोबारी जब काजी मंडी से होते हुए सूर्या एंक्लेव के मोड़ के पास पहुंचे, तो बदमाशों ने अपनी गाड़ी उनकी कार के आगे लगा दी और रास्ता रोक दिया।

लोहे की रॉड से तोड़ा कार का शीशा
रास्ता रुकने के बाद ललित मित्तल ने अपनी कार रोक दी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बदमाश कार से बाहर निकले और हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़ा और अंदर रखे दोनों बैग जबरन निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

72 लाख कैश होने का शुरुआती अनुमान
जानकारी के मुताबिक, लूटे गए दोनों बैगों में करीब 72 लाख रुपये की नकदी होने का अनुमान है। हालांकि कारोबारी ललित मित्तल ने बताया कि सटीक रकम की पुष्टि सुबह होगी। उन्होंने बताया कि उनके अकाउंटेंट ने पैसे गिनने के बाद नकदी बैग में रखी थी। वारदात की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। अब पुलिस रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *