loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

तरनतारन में पुलिस-बदमाशों के बीच एनकाउंटर, 2 गोलियां लगने से आरोपी घायल

भारत इंफो : तरनतारन के सरहाली में पुलिस और बदमाश के बीच एनकाउंटर का मामला सामने आया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान इंदर उर्फ अजय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। मौके से आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल और बाइक भी बरामद की गई है।

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की नाकेबंदी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आरोपी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने सरहाली कलां के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही संदिग्ध को रोकने की कोशिश की गई, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को दो गोलियां लगीं और वह घायल होकर गिर गया।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं चार मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि इंदर उर्फ अजय के खिलाफ अलग-अलग पुलिस थानों में पहले से चार मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई फायरिंग की घटनाओं में भी शामिल रहा है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने थाना सरहाली में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

फायरिंग की अन्य घटनाओं को लेकर भी पूछताछ जारी
पुलिस अब आरोपी से जुड़े पुराने मामलों की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *