Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

जालंधर के सरकारी स्कूल में मिला खालिस्तानी झंडा, SFJ प्रमुख पन्नू ने ली जिम्मेदारी का दावा

भारत इंफो : जालंधर शाहकोट के अंतर्गत आने वाले सरकारी मिडिल स्कूल, कोटला हेरां में कथित तौर पर खालिस्तान जनमत संग्रह का झंडा लगाए जाने का मामला सामने आया है। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख और घोषित आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्कूल परिसर का वीडियो जारी करने का दावा
SFJ की ओर से एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें कोटला हेरां स्थित सरकारी मिडिल स्कूल के प्रिंसिपल कार्यालय के बाहर और परिसर में खालिस्तान जनमत संग्रह का झंडा दिखाई देने का दावा किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और झंडे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

15 अगस्त से पहले सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
स्वतंत्रता दिवस से कुछ दिन पहले सामने आए इस मामले के बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। जालंधर के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने फिलहाल मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पन्नू ने जारी किया विवादित संदेश
वीडियो संदेश में गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के छात्रों और युवाओं को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल न होने की अपील की। उसने यह भी कहा कि जिन लोगों पर “लोहे की मुट्ठी” से शासन किया गया हो, उन पर स्वतंत्रता का जश्न नहीं थोपा जा सकता। इसके अलावा उसने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जहां-जहां स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराएंगे, वहां विरोध किया जाएगा।

भड़काऊ बयान के बाद जांच तेज
पन्नू ने अपने संदेश में पंजाब की धरती पर भारतीय तिरंगा फहराने को लेकर भी विवादित और भड़काऊ बयान दिया। सुरक्षा एजेंसियां इस वीडियो और उसके दावों की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *