भारत इंफो : बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज ने गुरुवार (30 जुलाई) को एक बार फिर पंजाब बंद का आह्वान किया है। समाज की ओर से बाजार, स्कूल, कॉलेज, मॉल और अन्य व्यावसायिक संस्थानों को बंद रखने की अपील की गई है। बंद का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसके बाद सामान्य गतिविधियां शुरू होने की बात कही गई है।
इन जिलों में बंद को मिला समर्थन
वाल्मीकि समाज के इस बंद को लुधियाना, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का, कपूरथला, अमृतसर, पटियाला, पठानकोट और गुरदासपुर समेत कई जिलों की सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं का समर्थन मिला है। विभिन्न संगठनों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद में सहयोग करने की अपील की है।
लाठीचार्ज में कर्मचारियों के घायल होने का आरोप
सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हुए और उनके सिर फूट गए। प्रदर्शनकारियों ने महिला सफाई कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है। साथ ही, बरनाला के डीएसपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इस घटना के विरोध में बुधवार को अमृतसर में वाल्मीकि समाज के लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस अधिकारियों के प्रतीकात्मक पुतले भी फूंके।
गुरदासपुर में व्यापारियों का समर्थन, लुधियाना में शांतिपूर्ण बंद की अपील
गुरदासपुर ट्रेड यूनियन ने सफाई कर्मचारियों के पंजाब बंद का समर्थन करते हुए व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। वहीं लुधियाना में भाजपा और दलित भाईचारे के नेता यशपाल चौधरी ने कहा कि सुबह से शाम 4 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से बाजार बंद करवाए जाएंगे और लोगों से भी इस आंदोलन में सहयोग देने की अपील की गई है।
जालंधर में बंद नहीं, केवल प्रदर्शन होगा
जालंधर की सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने स्पष्ट किया है कि शहर में 30 जुलाई को बंद नहीं रखा जाएगा। प्रतिनिधियों का कहना है कि जालंधर पहले ही 27 जुलाई के बंद का समर्थन कर चुका है, इसलिए इस बार बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। हालांकि, विभिन्न संगठनों की ओर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए जाएंगे।