भारत इंफो : पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक गांव के सरपंच को पिस्टल की नोक पर रोककर उनसे 49,500 रुपये की नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
बैंक से लौटते समय रास्ता रोककर दिया वारदात को अंजाम
गांव छपड़ीवाला के सरपंच मैडम लाल पंचायत के एक कार्य के भुगतान के लिए जलालाबाद स्थित बैंक गए थे। वहां से उन्होंने 24,500 रुपये निकाले, जबकि 25,000 रुपये उनके पास पहले से मौजूद थे। बैंक, बीडीओ कार्यालय और सब्जी मंडी का काम निपटाने के बाद जब वह अपने गांव लौट रहे थे, तभी गांव चक्क दुमाल और जैमलवाला के बीच मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
मारपीट कर छीनी नकदी, आरोपी CCTV में कैद
आरोप है कि बदमाशों ने सरपंच के साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर उनके पास मौजूद 49,500 रुपये की नकदी छीन ली। घटना के बाद पीड़ित सरपंच ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का गांव महालम तक पीछा भी किया, लेकिन वे फरार होने में सफल रहे। भागते समय आरोपियों की तस्वीरें रास्ते में स्थित एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।