loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

जालंधर में गुरुनानक पुरा ROB का विरोध, बाजार बंद कर सड़कों पर उतरे दुकानदार

भारत इंफो : जालंधर के गुरुनानक पुरा इलाके में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के विरोध में मंगलवार को दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया। विरोध के चलते पूरे बाजार को बंद रखा गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से वर्षों पुराना कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा और सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर संकट आ जाएगा।

दुकानदारों ने सरकार के फैसले पर जताई आपत्ति
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के तहत हाल ही में करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया गया। उनका कहना है कि उद्घाटन से पहले रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गढ़ा और गुरुनानक पुरा ओवरब्रिज परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया था। उस समय भी स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज के स्थान पर अंडरब्रिज बनाने की मांग उठाई थी।

300 से अधिक दुकानदारों के कारोबार पर संकट
व्यापारियों का कहना है कि नंगलशामा रोड पर बने ओवरब्रिज के कारण पहले ही 300 से अधिक दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ है और कई घरों के आने-जाने के रास्ते भी बंद हो गए हैं। अब गुरुनानक पुरा फाटक पर नया ओवरब्रिज बनने से बाजार पूरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से चल रहे कारोबार के बंद होने से करोड़ों रुपये का नुकसान होगा और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा।

भाजपा नेता ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भाजपा नेता रविंद्र धीर ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर गुरुनानक पुरा में ओवरब्रिज की जगह अंडरब्रिज बनाने की मांग की है। स्थानीय निवासी अनिता अरोड़ा ने कहा कि अंडरब्रिज बनने से न केवल व्यापार सुरक्षित रहेगा बल्कि लोगों की आवाजाही भी आसान बनी रहेगी।

सुरक्षा और टैक्स को लेकर भी उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर ओवरब्रिज के नीचे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे चोरी और स्नैचिंग जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मांग की कि यदि सरकार ओवरब्रिज निर्माण पर ही अड़ी रहती है तो निर्माण अवधि के दौरान कम से कम तीन साल तक दुकानदारों और स्थानीय लोगों से प्रॉपर्टी टैक्स, पानी का बिल और अन्य स्थानीय कर नहीं लिए जाएं। उनका कहना है कि ओवरब्रिज बनने से बच्चों की स्कूल-कॉलेज आवाजाही भी प्रभावित होगी, जबकि इस स्थान पर अंडरब्रिज आसानी से बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *