Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

फगवाड़ा में मनचले बस ड्राइवर की पिटाई, छात्रा से कर रहा था छेड़छाड़

भारत इंफो : पंजाब के फगवाड़ा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां थाना सतनामपुरा क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी स्कूल के बस चालक की स्थानीय लोगों और अंबेडकर सेना के सदस्यों ने जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल के बाहर कुछ लोग बस चालक को घेर कर उसकी धुनाई कर रहे हैं। आरोपी ड्राइवर पर स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है।

डराने-धमकाने के बाद परिजनों को बताई आपबीती

जानकारी के अनुसार, आरोपी बस चालक छात्रा के साथ गलत हरकतें कर रहा था। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता को धमकी भी दी थी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए। डरी-सहमी छात्रा ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई और अंबेडकर सेना को इसकी शिकायत दी गई। मामला सामने आने के बाद अंबेडकर सेना की टीम ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया और आरोपी बस चालक को पकड़कर उसकी जमकर छित्तर परेड की। इसके बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सतनामपुरा थाने में एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

इस पूरी घटना के बाद सतनामपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस ड्राइवर को काबू कर लिया है और उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 121 दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अंबेडकर सेना के नेता ने भी इस बात की पुष्टि की है कि छात्रा की शिकायत पर ही उन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। वहीं, इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद अभी तक संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल या प्रबंधन की तरफ से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *