भारत इंफो : जालंधर कैंट क्षेत्र के अधीन आते केवी-3 स्कूल के बाहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम छात्रा की आर्मी ट्रक की चपेट में आने से जान चली गई। मृतका की पहचान सोढल निवासी पायल के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और बच्ची के परिवार को दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यू-टर्न लेते समय ट्रक के नीचे आई मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केवी-4 स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए केवी-3 स्कूल के बाहर पहुंची थी। छुट्टी होने के बाद सभी बच्चों को वहां से निकलना था और पायल भी अपनी सहेलियों के साथ उसी बस का इंतजार कर रही थी। इसी बीच वहां एक आर्मी का ट्रक पहुंचा। बताया जा रहा है कि जब ट्रक चालक वहां से यू-टर्न ले रहा था, तभी पायल अचानक ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गई। ट्रक का भारी-भरकम पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पिता ने लगाई इंसाफ की गुहार
इस खौफनाक घटना की जानकारी स्कूल बस के ड्राइवर ने तुरंत स्कूल प्रबंधन और पायल के पिता अशोक कुमार को फोन पर दी। खबर सुनते ही पिता अशोक बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। वहां अपनी बेटी का खून से लथपथ शव देखकर वह पूरी तरह बेसुध हो गए। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। पीड़ित पिता ने प्रशासन से इस मामले में निष्पक्ष जांच और अपनी बच्ची के लिए इंसाफ की गुहार लगाई है।