भारत इंफो : हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-26 में चोरों ने एक किराए के मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब मकान में रहने वाला युवक अपने पैतृक गांव गया हुआ था। वापस लौटने पर उसने घर का मुख्य ताला टूटा देखा और अंदर का सामान बिखरा मिला।
अलमारी खंगालकर नकदी और जेवर किए चोरी
पीड़ित कौशल धीमान ने पुलिस को बताया कि वह मोहाली के जीरकपुर स्थित एक टायर कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है और अप्रैल 2026 से सेक्टर-26 स्थित मकान नंबर 949 में किराए पर रह रहा है। कुछ दिन पहले वह अपने पैतृक गांव पांवटा साहिब गया था। लौटने पर घर की अलमारियां खुली मिलीं और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि चोर 18 हजार रुपये की नकदी, एक सोने की अंगूठी, दो सोने की बालियां, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की चेन, एक जोड़ी बिछुए, करीब 30 ग्राम वजन के चार चांदी के सिक्के, एक चांदी का कड़ा तथा अन्य चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-25 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में चोरी की पुष्टि होने पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।