भारत इंफो : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज 1 जुलाई को अपने गृह जिले संगरूर के धूरी से राज्य की महिलाओं के लिए एक महत्वाकांक्षी वित्तीय सहायता योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत राज्य की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है।
एक साथ ही तीन महीने की राशि दी
सरकार ने पहली बार में ही तीन महीने की राशि एक साथ जारी की है, जिससे लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिलेगा। इस पहल के तहत जनरल वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह के हिसाब से कुल 3,000 रुपये और दलित (SC) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह के हिसाब से कुल 4,500 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में पहुंचाई गई है।
साल 2022 के चुनाव में किया था ऐलान
आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की प्रत्येक 18 वर्ष से अधिक आयु की महिला को प्रतिमाह 1,000 रुपये देने का वादा किया था। हालांकि, योजना को लागू करने में लगे समय के कारण इसे लेकर चर्चाएं भी थीं, लेकिन अब 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से लगभग 8 महीने पहले सरकार ने अपने इस प्रमुख चुनावी वादे को पूरा कर लिया है।