loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 42°C
Breaking News

जालंधर में दोस्त बना दुश्मन, गुरप्रीत की हत्या कर डंप में दफनाया

भारत इंफो : जालंधर कैंट इलाके से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बाल कटवाने निकले एक युवक की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी। गुरप्रीत उर्फ नोनी नामक युवक 22 जून को घर से बाल कटवाने के लिए निकला था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिवार ने उसे हर जगह तलाशी, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 23 जून को थाना कैंट में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

शव बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक के दोस्त रवि को हिरासत में लिया। रवि, जो कैंटोनमेंट इलाके में एक ठेकेदार के पास जेसीबी ऑपरेटर के तौर पर काम करता था, से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने गुरप्रीत की हत्या कर उसका शव डंप के नीचे दबा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है, साथ ही गुरप्रीत की बाइक भी कुकड़ गांव के पास नहर से बरामद की गई है।

परिजनों ने की इंसाफ की मांग
परिजनों का आरोप है कि इस वारदात को रवि ने अकेले अंजाम नहीं दिया है, इसमें अन्य आरोपी भी शामिल हो सकते हैं। मृतक के रिश्तेदार रणजीत सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गहन जांच और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *