loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

पंजाब में दो दिन और सताएगी लू, फिर बारिश और ओलावृष्टि के आसार

भारत इंफो : पंजाब में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने सोमवार को राज्य के 8 जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है।

फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और संगरूर में लू चलने की संभावना जताई गई है। ये जिले राजस्थान की सीमा से सटे होने के कारण गर्म हवाओं के प्रभाव में रहेंगे। मौसम विभाग ने पठानकोट जिले के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की है। यहां 44 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

10 जून तक गर्मी का असर, 11 जून से राहत के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हीटवेव जैसी परिस्थितियां 10 जून तक बनी रह सकती हैं। इसके बाद 11 जून से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

जून के अंत तक पंजाब पहुंच सकता है मानसून
देश के कई हिस्सों में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, पंजाब में मानसून 30 जून के आसपास प्रवेश कर सकता है। इसके बाद मध्य पंजाब के जिलों जैसे लुधियाना और जालंधर में 5 जुलाई के आसपास तथा उत्तरी पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट जैसे क्षेत्रों में 8 जुलाई तक मानसून सक्रिय होने की संभावना है। इससे प्रदेश में गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *