Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर में पुलिस रेड के दौरान युवक की मौत, SHO के गनमैन पर गोली चलाने के आरोप

भारत इंफो : पंजाब के जालंधर देहात क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। महितपुर थाना क्षेत्र के गांव बंगीवाल में हत्या के प्रयास के एक मामले में वांटेड आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लवप्रीत के रूप में हुई है।

गिरफ्तार करने पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी लवप्रीत अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना महितपुर के SHO अमन सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव बंगीवाल में रेड की। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने टीम का विरोध किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

पुलिस और परिवार के दावों में विरोधाभास
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हंगामे और धक्का-मुक्की के दौरान गोली चली, जो लवप्रीत को लग गई। घायल अवस्था में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का यह भी दावा है कि इस दौरान पुलिस कर्मियों पर हमला किया गया, जिसमें कुछ कर्मचारी घायल हुए हैं।

वहीं मृतक के परिवार ने पुलिस की इस दलील को खारिज करते हुए SHO अमन सैनी और उनकी टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उनके बेटे को निजी रंजिश के चलते जानबूझकर निशाना बनाया गया।

घटना के वीडियो आए सामने
घटना के बाद मौके से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इन वीडियो में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। कुछ वीडियो में एसएचओ अमन सैनी महिलाओं के साथ हाथापाई करते हुए भी नजर आ रहे हैं, जिसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और मृतक पक्ष के बयान अलग-अलग हैं। पुलिस का कहना है कि लवप्रीत के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे और उसे गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही थी। वहीं परिवार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *